बरेली
ईद-उल-अजहा पर बरेली जोन में चप्पे-चप्पे पर पुलिस’, डीआईजी अजय साहनी ने की प्रेस वार्ता
चारों जिलों में किए गए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : ईद-उल-अजहा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बरेली जोन में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं । डीआईजी अजय साहनी ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर बरेली परिक्षेत्र के चारों जिलों- बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में की गई तैयारियों की जानकारी दी।
डीआईजी अजय साहनी ने बताया कि बकरीद को लेकर पूरे जोन में व्यापक पुलिस व्यवस्थापन किया गया है। सभी जिलों के एसएसपी और एसपी सिटी को निर्देश दिए गए हैं कि संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात की जाए। ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी से निगरानी होगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी ने बताया कि चारों जिलों में थाना स्तर पर अमन कमेटी की बैठकें हो चुकी हैं। धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों से संवाद कर शांति की अपील की गई है। ईद से पहले सभी प्रमुख इलाकों में पुलिस का फ्लैग मार्च और पीस मार्च निकाला जाएगा। कुर्बानी खुले में न करने और साफ-सफाई रखने की अपील की गई है।
कंट्रोल रूम 24 घंटे एक्टिव रहेगा, तुरंत लिया जाएगा एक्शन ,
बरेली जोन के सभी जिलों में कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेंगे। किसी भी सूचना पर तुरंत रिस्पॉन्स टीम पहुंचेगी। डीआईजी अजय साहनी ने आम जनता से अपील की है कि त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।



