बरेली
अल्प मानदेय से नाराज रसोइयों ने उठाई आवाज, विधायक को भेजा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : विकास खंड बिथरी चैनपुर के बेसिक शिक्षा परिषद स्कूलों में कार्यरत रसोइयों ने बुधवार को मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर सिराथू (कौशाम्बी) की विधायक डॉ. पल्लवी पटेल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। मुंडिया अहमदनगर स्थित एक निजी बारातघर में आयोजित समारोह के दौरान रसोइयों ने यह ज्ञापन अपना दल (कमेरावादी) की महिला मंच की मंडल अध्यक्ष आशा देवी गंगवार व जिला अध्यक्ष ममता राजपूत को दिया।
ज्ञापन में रसोइयों ने अपनी आर्थिक बदहाली बयां करते हुए कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश के सरकारी व सहायता प्राप्त विद्यालयों में लगभग 3.95 लाख रसोइया छात्र-छात्राओं के लिए पौष्टिक भोजन तैयार करते हैं। इसके बदले सरकार उन्हें महज 2000 रुपये प्रति माह की दर से साल में केवल 10 महीने का मानदेय देती है, जो कि रोजाना 66 रूपये से भी कम है।
तथ्यात्मक रिपोर्टों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि देश में न्यूनतम मजदूरी नियमों के तहत आज एक अकुशल श्रमिक की दिहाड़ी 783 रुपये और कुशल श्रमिक का मासिक मानदेय 24,804 रुपये (954 रुपये प्रतिदिन) तय है। रसोइयों ने चेतावनी भरे लहजे में इस आर्थिक शोषण को बंद कर मानदेय को सम्मानजनक स्तर तक बढ़ाने की पुरजोर गुहार लगाई है।
ज्ञापन सौंपकर मानदेय बढ़ाने की मांग करने वालों में सुनीता, गंगादेई, पुनोदेवी, फूलन देवी, रीना देवी, पार्वती, प्रतिमा देवी, मुन्नी देवी, बाला देवी, फूलकुंवर, शकुंतला, रामश्री और प्रेमवती समेत तमाम रसोइया मौजूद रहीं।


