बकाया मानदेय भुगतान की मांग पर गोमिया की स्वास्थ्य सहिया गए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोमिया की स्वास्थ्य सहियाओं ने अपने बकाया मानदेय राशि भुगतान की मांग को लेकर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। सहियाओं ने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में बकाया मानदेय भुगतान की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस संबंध में सहियाओं ने कहा कि स्वास्थ्य सहियाएं गांव-गांव जाकर स्वास्थ्य योजनाओं और सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करती हैं। टीकाकरण, मातृ और शिशु स्वास्थ्य सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके बावजूद पिछले नौ माह से मानदेय राशि का भुगतान नहीं हुआ है, इससे सहियाओं के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। परिवार का भरण पोषण के लिए कर्ज का सहारा लेना पड़ रहा है। बताया कि अब तो नौबत यह आ गई है कि कोई कर्ज भी देना नही चाहता है। इस कारण हमें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिन-रात काम करने वाली हम सहियाओं को पिछले नौ महीनों से मानदेय राशि का भुगतान नहीं हुआ है।
साथ ही बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोमिया में सभी सहियाओं एवं सहिया साथी को स्वास्थ्य प्रहरी का पैसा भी कई महीनों का बकाया है, इसलिए जबतक हमे बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया जायेगा, तबतक हमलोग अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे।
वही इस संबंध में गोमिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ जितेंद्र कुमार ने बताया कि राशि का आबंटन आ चुका है, इसलिए संभवतः एक सप्ताह के अंदर सभी सहियाओं को बकाया मानदेय राशि का भुगतान मिल जायेगा। मौके पर किरण देवी,मनी देवी,रेखा देवी,रीता देवी, अंजू देवी, बृंदा देवी,संगीता देवी, चंचला देवी, आशा देवी,उर्मिला देवी,राजिया खातून, शबनम खातून,अख्तरी बेगम,सुजाता देवी, देवंती देवी,पुरनी देवी, मंजू देवी,गायत्री देवी सहित दर्जनों सहिया मौजूद थे।




