शनिवार को पचमो पंचायत में होगा मंत्री योगेंद्र प्रसाद का आगमन
रैयत विस्थापित की समस्याओं से होंगे रूबरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। गोमिया प्रखंड के पचमो पंचायत में शनिवार को झारखंड सरकार के पेयजल, स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद का आगमन होगा। मंत्री श्री प्रसाद वहां विस्थापित रैयतों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश देंगे। साथ ही जनता दरबार लगाकर वे विस्थापित रैयतों से सीधा संवाद भी करेंगे। उक्त बातें रैयत विस्थापित मोर्चा, पचमो पंचायत के अध्यक्ष लालदेव महतो ने दी है। बताया कि मोर्चा के द्वारा मंत्री श्री प्रसाद को एक मांग पत्र भी सौंपा जायेगा। इसमें बकाया मुआवजा भुगतान, सभी वयस्क आश्रितों को नौकरी, विस्थापन कॉलोनी में मूलभूत सुविधा और जमीन का दाखिल ख़ारिज शामिल है
वहीं मोर्चा के सदस्य धनेश्वर राम ने बताया कि तीन पीढ़ी खत्म हो गई इंतजार में। मंत्री के पहल से रैयत विस्थापितों की समस्या का समाधान हो जायेगा। कार्यक्रम को लेकर जीवन रजवार ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से रहावन थाना प्रभारी पिंटु महथा के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहेगा। मंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय लोग स्वागत की तैयारी में है। जगह-जगह तोरणद्वार और बैनर लगाए गए हैं। पचमो पंचायत की मुखिया राकेश रजवार ने सभी विस्थापित परिवार, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और ग्रामीणों से अपील की है कि वे कागजात के साथ शनिवार को पंचायत भवन पहुंचें और अपनी समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखें।




