कालाबाजारी पर कार्यवाही।

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
भरतपुर। जिले में वैर क्षेत्र के हतीजर गांव में यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी की शिकायत सही पाए जाने पर कृषि विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग द्वारा सख्त कदम उठाते हुए ‘अशोक खाद बीज भंडार’ का उर्वरक विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार मामला तब सामने आया जब विक्रेता के गोदाम से ट्रैक्टर-ट्रॉली में यूरिया ले जाई जा रही थी और ग्रामीणों ने संदेह होने पर उसे रोककर खाद वापस उतरवा दी थी। विभागीय टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की और दिनभर किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर यूरिया का वितरण करवाया गया था।
विभाग के अनुसार जांच में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश के कई प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया है। विक्रेता पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने का प्रयास करने, दुकान पर स्टॉक व मूल्य सूची प्रदर्शित न करने, किसानों को बिक्री बिल जारी न करने और स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध न कराने के आरोप सही साबित हुए हैं।
प्राप्त जानकारी अनुसार कृषि विभाग द्वारा फर्म अशोक खाद बीज भंडार के संचालक को अपना पक्ष रखने के लिए सात दिन का समय दिया गया है तथा इसी कड़ी में एसडीएम दीपक मित्तल के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम द्वारा बयाना क्षेत्र के अन्य खाद-बीज विक्रेताओं के स्टॉक और रिकॉर्ड का भी औचक निरीक्षण किया गया है।



