
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा सदर अस्पताल एक बार फिर विवादों में है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर समय पर इलाज नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि इलाज में हुई देरी के कारण एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मचकार निवासी लगभग 50 वर्षीय उर्मिला देवी, पति प्रमोद यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार महिला को रात करीब 2 बजे पेट में तेज दर्द शुरू हुआ। इसके बाद सुबह उन्हें इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल लाया गया, जहां भर्ती कराया गया। मृतका के भतीजे राजा यादव ने आरोप लगाया कि अस्पताल में समय पर उचित इलाज नहीं मिला और डॉक्टरों की लापरवाही के कारण उनकी बुआ की मौत हो गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि परिजनों के आरोपों की पुष्टि होती है, तो यह स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब सभी की नजर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की जांच पर है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं।



