
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा हसनपुर। नगर के ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र मां चामुंडा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया।
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से करीब 1.27 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को विकसित किया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने कहा कि मंदिर का सौंदर्यीकरण होने से श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा हसनपुर धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
परियोजना के तहत मंदिर परिसर में आधुनिक सभागार, यात्री विश्राम शेड, आकर्षक मुख्य प्रवेश द्वार, शौचालय तथा ऊर्जा व्यवस्था के लिए 5 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा। इससे मंदिर परिसर अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनेगा।
इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र खड़गवंशी, भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शिखर अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष मयंक अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रधान संघ अध्यक्ष यशपाल प्रधान, मंदिर समिति अध्यक्ष डॉ. शिवचरण दास अग्रवाल, अग्रवाल सभा अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, डॉ. शिव स्वरूप अग्रवाल, डॉ. भारतवीर अग्रवाल, मनोज गोयल, पर्यटन विभाग के अभियंता दिनेश मिश्रा, ठेकेदार नितिन पवार आदि लोग उपस्थित रहे।



