धनबाद

धनबाद में कोयला चोरी पर CISF का बड़ा एक्शन

सहायक कमांडेंट अरुण जय कुमार सिंह डिमोट, फिर बने इंस्पेक्टर

 मुख्यालय ने जांच रिपोर्ट के आधार पर की कार्रवाई, उच्चस्तरीय जांच समिति गठित। कोयला चोर सिंडिकेट से जुड़े 9 संदिग्धों की सूची भी दिल्ली भेजी गई।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
धनबाद : बीसीसीएल की खदानों में कोयला चोरी के मामले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए धनबाद इकाई में तैनात सहायक कमांडेंट अरुण जय कुमार सिंह को पदावनत (डिमोट) कर दोबारा इंस्पेक्टर बना दिया है। इससे पहले उन्हें निलंबित किया गया था। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष ही उन्हें इंस्पेक्टर से पदोन्नत कर सहायक कमांडेंट बनाया गया था।सूत्रों के अनुसार, उनके कार्यकाल के दौरान बीसीसीएल की कई खदानों और सरकारी संपत्तियों से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी की घटनाएं सामने आईं। लगातार मिल रही शिकायतों और प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के बाद विस्तृत रिपोर्ट CISF मुख्यालय, नई दिल्ली भेजी गई। रिपोर्ट के आधार पर मुख्यालय ने यह कड़ी कार्रवाई की।मामले की निष्पक्ष जांच के लिए CISF ने एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। समिति न सिर्फ अरुण जय कुमार सिंह, बल्कि उनके अधीन कार्यरत अधिकारियों और जवानों की भूमिका की भी जांच करेगी। यदि जांच में अन्य कर्मियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
कोयला चोर सिंडिकेट पर भी शिकंजा
धनबाद में सक्रिय कोयला चोर सिंडिकेट के खिलाफ भी केंद्रीय एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। गृह मंत्रालय और जांच एजेंसियों ने सिंडिकेट से जुड़े 9 संदिग्ध लोगों की सूची तैयार कर दिल्ली भेजी है। सूत्रों के मुताबिक इनमें दो लोगों को पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक माना जा रहा है। एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस अवैध कारोबार को किन लोगों का संरक्षण मिलता रहा और इसमें कौन-कौन शामिल हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button