बेतुल
बैतूल नमस्ते सेलिब्रेशन में स्वच्छता कर्मियों को मिली सुरक्षा सामग्री
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में स्वच्छता कर्मियों का किया सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। नगर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले स्वच्छता कर्मियों के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नमस्ते सेलिब्रेशन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें मास्क, सेफ्टी किट, सुरक्षा जूते और टोपी का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता कर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पर्वतीबाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्वच्छता कर्मियों को सुरक्षा सामग्री वितरित करते हुए उन्हें आश्वस्त किया गया कि भविष्य में यदि किसी भी प्रकार की सुरक्षा सामग्री की आवश्यकता होगी तो वे नगर पालिका कार्यालय से इसे प्राप्त कर सकेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों के अथक परिश्रम और समर्पण से ही शहर स्वच्छ एवं स्वस्थ बना रहता है। उनके योगदान का सम्मान करना और उन्हें सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में संतोष धनोलिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल आयोजन जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों के सहयोग से संपन्न हुआ।




