
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
धनबाद। धनबाद जिले के कतरास स्थित डेनोबली स्कूल के बाहर मंगलवार को दिनदहाड़े एक इंटर के छात्र प्रियंशु राज (निवासी रामकनाली ओपी क्षेत्र) पर तीन अज्ञात युवकों ने कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घायल छात्र को तत्काल स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल छात्र ने मीडिया को दिए बयान में आरोप लगाया कि तीन युवक बुलेट मोटरसाइकिल से आए थे। इनमें से एक स्थानीय निजी स्कूल की ड्रेस पहने हुए था। छात्र का दावा है कि हमलावर एक प्रतिष्ठित स्कूल के केमिस्ट्री शिक्षक का नाम लेते हुए उसे जबरन झाड़ियों की ओर ले जाने लगे। विरोध करने पर तीनों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उसके सिर पर डंडे से वार किया और उसके बैग में केरोसिन तेल डाल दिया, जिससे बैग में रखी किताबें जल गईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कतरास थाना और तोपचांची थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान व घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इसी दौरान कतरास थाना प्रभारी ने प्रेस को बताया कि एक सामान्य बात लेकर मारपीट हुई पुलिस जांच कर रही है पुलिस सही तथ्यों पर कार्रवाई करेगी।



