दो साल तक बंद रही आंगनबाड़ी, अब नोटिस से बच पाएंगे जिम्मेदार?
चितरंगी परियोजना में बड़ा सवाल।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
सिंगरौली। महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। चितरंगी विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र नौडिहवा क्रमांक-2 के करीब दो वर्षों तक बंद रहने का मामला सामने आने के बाद विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे समय तक केंद्र बंद रहने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी, और अब मामले के उजागर होने के बाद केवल नोटिस जारी कर औपचारिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि केंद्र बंद रहने से क्षेत्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को मिलने वाली कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ प्रभावित हुआ। बच्चों के पोषण, टीकाकरण, प्री-स्कूल शिक्षा और अन्य सेवाएं भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।



