गाजियाबाद
राम मंदिर ट्रस्ट के वित्तीय कार्यों की स्वतंत्र फॉरेंसिक जांच की मांग
आज़ाद अधिकार सेना ने राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी/गाजियाबाद : आज़ाद अधिकार सेना की जिला इकाई ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन से अब तक हुए वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों की स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कराने तथा ट्रस्ट के कामकाज में स्थायी पारदर्शिता व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर भारत की राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन के माध्यम से अपना ज्ञापन प्रेषित किया।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में पार्टी ने कहा है कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मंदिर निर्माण और उससे जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए देश-विदेश से बड़ी मात्रा में नकद दान, सोना, चांदी और अन्य मूल्यवान सामग्री प्राप्त हुई है। ऐसे में ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक निर्णयों में उच्च स्तर की पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित किया जाना बहुत जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
आजाद अधिकार सेना ने अपने ज्ञापन में कहा है कि हाल के घटनाक्रमों और विभिन्न जांचों के कारण ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन, आंतरिक नियंत्रण प्रणाली, दान एवं संपत्तियों की सुरक्षा तथा प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर कई। तरह के सवाल उठे हैं। इन परिस्थितियों में पूरे वित्तीय रिकॉर्ड की स्वतंत्र और निष्पक्ष फॉरेंसिक जांच कराए जाने की आवश्यकता है।
आज़ाद अधिकार सेना ने ज्ञापन में मांग की है कि ट्रस्ट के गठन से अब तक प्राप्त समस्त दान, किए गए व्यय, प्रमुख खरीद, ठेकों, भूमि लेन-देन तथा अन्य महत्वपूर्ण वित्तीय निर्णयों का किसी स्वतंत्र एवं सक्षम पेशेवर संस्था से फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाए तथा उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही ट्रस्ट के वार्षिक ऑडिटेड खातों, वार्षिक रिपोर्ट, प्रमुख खरीद, ठेकों और महत्वपूर्ण भूमि लेन-देन से जुड़ी जानकारी एक सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाए।
पार्टी ने यह भी मांग उठाई कि ट्रस्ट से संबंधित हालिया आपराधिक मामलों और जांचों की अंतिम रिपोर्ट, विधिक प्रावधानों के अनुरूप, सार्वजनिक की जाए तथा भविष्य के लिए एक स्थायी पब्लिक डिस्क्लोजर एंड अकाउंटेबिलिटी फ्रेमवर्क लागू किया जाए, जिसके तहत वित्तीय विवरण, ऑडिट रिपोर्ट, प्रमुख अनुबंध, हितों के टकराव से संबंधित घोषणाएं और अन्य आवश्यक प्रशासनिक सूचनाएं नियमित रूप से सार्वजनिक की जाती रहें।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी बताया गया है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर पूर्व में भी ट्रस्ट के वित्तीय अभिलेखों और ऑडिट व्यवस्था को सार्वजनिक किए जाने की मांग उठा चुके हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में सरकार की तरफ से कोई सकारात्मक पहल सामने नहीं आई है। पार्टी का कहना है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान बनाए रखने के लिए ट्रस्ट के प्रत्येक वित्तीय लेन-देन में पूर्ण पारदर्शिता और स्वतंत्र निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए।


