शामली

 1.28 करोड़ की 640 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

‘ऑपरेशन सवेरा’ में झिंझाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 चौसाना। जनपद शामली में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत थाना झिंझाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 640 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 28 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को थाना झिंझाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जावेद पुत्र रियासत निवासी ग्राम औदरी, थाना झिंझाना तथा सादिक पुत्र शाहदीन निवासी ग्राम बरनावी, थाना कैराना को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 640 ग्राम स्मैक बरामद की। बरामदगी के आधार पर थाना झिंझाना में मु0अ0सं0 357/2026 के तहत धारा 8/21/29 एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ तस्करी के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जावेद के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत वर्ष 2020 और 2025 में मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान कार्रवाई के बाद उसके खिलाफ तीसरा मामला दर्ज हुआ है। वहीं आरोपी सादिक के खिलाफ यह पहला एनडीपीएस मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल विकास, हेड कांस्टेबल योगेंद्र तथा हेड कांस्टेबल दीपेंद्र शामिल रहे।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान में सक्रिय सहयोग करें। यदि किसी क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की सूचना हो तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button