गोड्डा
डालसा सचिव ने पोड़ैयाहाट व सुंदरपहाड़ी के लीगल एड क्लिनिकों का किया औचक निरीक्षण
ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और कानूनी जागरूकता बढ़ाने पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। झारखंड विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दीपक कुमार की अध्यक्षता में डालसा टीम ने बुधवार को पोड़ैयाहाट एवं सुंदरपहाड़ी प्रखंड मुख्यालय स्थित विधिक सहायता केंद्रों के साथ-साथ पंचायत स्तर पर संचालित लीगल एड क्लिनिकों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने केंद्रों की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली। डालसा सचिव दीपक कुमार ने कहा कि आम लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनमें कानून के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से प्रखंड मुख्यालय के साथ-साथ पंचायत स्तर पर विधिक सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों का समुचित लाभ क्षेत्रवासियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से निरीक्षण किया गया। टीम के सदस्यों ने बताया कि सभी केंद्रों पर पारा लीगल वॉलेंटियरों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनके माध्यम से समय-समय पर झालसा एवं नालसा की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाती है और पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता की जाती है।



