बाराबंकी
नवागत बाल विकास परियोजना अधिकारी ने किया बड़ागांव पंचायत भवन का औचक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। मसौली नवागत बाल विकास परियोजना अधिकारी विशाल यादव ने बुधवार को पंचायत भवन बडागांव का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, टीकाकरण अभियान, बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण सेवाओं और पंचायत परिसर में संचालित लाइब्रेरी का गहनता से जायजा लिया।
सीडीपीओ यादव ने संबंधित कर्मचारियों से योजनाओं के संचालन की जानकारी ली और निर्देश दिए कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने बच्चों के पोषण स्तर, टीकाकरण की प्रगति तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।
उन्होंने जोर दिया कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण वितरण का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के समग्र विकास का आधार है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन में संचालित लाइब्रेरी का भी अवलोकन किया गया, जहां उपलब्ध पुस्तकों और शैक्षिक वातावरण को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
सीडीपीओ ने ग्राम पंचायत में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने प्रधान प्रतिनिधि नूर मोहम्मद द्वारा कराए गए जनहित के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी पहल अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तकालय जैसी सुविधाएं शिक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर सुपरवाइजर नीलम सिंह, बबीता आर्या, पंचायत सहायक सैय्यदा बानो आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां सुमन गुप्ता, रेखा देवी , स्वेतलता श्रीवास्तव, सरोज गुप्ता, एएनएम लक्ष्मी देवी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि तथा ग्रामीण भी मौजूद रहे।



