सुहारी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर थाना क्षेत्र के सुहारी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। विवाहिता का शव दो दिन पूर्व कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला था। बुधवार, 22 जुलाई को मृतका के परिजन भुसावर सीओ कार्यालय पहुंचे और सीओ नीरज भारद्वाज से मुलाकात की। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा। सीओ नीरज भारद्वाज ने निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। छौंकरवाड़ा निवासी मृतका के पिता बाबूलाल पुत्र सोहनसिंह ने सीओ को दिए ज्ञापन में बताया कि उनकी बेटी अंजली का विवाह वर्ष 2023 में सुहारी निवासी धीरज पुत्र सुगनसिंह के साथ हुआ था। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ससुराल पक्ष के लोग, जिनमें धीरज, सुगनसिंह, अनीता और अरविंद शामिल हैं, अंजली को लगातार दो लाख रुपये और एक मोटरसाइकिल की मांग को लेकर परेशान कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि अंततः 20 जुलाई 2026 को दहेज की मांग पूरी न होने पर उन्होंने उनकी बेटी की हत्या कर दी।

