मालदा टाउन स्टेशन पर 42 किलो गांजा जब्त, तीन संदिग्ध हिरासत में
42 kg of cannabis seized at Malda Town station; three suspects detained.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
मालदा। रेलवे के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ और जीआरपीएस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मालदा टाउन रेलवे स्टेशन से करीब 42.019 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान तीन यात्रियों को हिरासत में लिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई 25 और 26 अगस्त की मध्यरात्रि में खुफिया सूचना के आधार पर की गई। ट्रेन संख्या 20501 आनंद विहार टर्मिनल तेजस राजधानी एक्सप्रेस के मालदा टाउन स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंचने के बाद सुरक्षा टीम ने कोच बी-04 में तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान एक ट्रॉली बैग और दो लगेज बैग में रखे कई पैकेट बरामद किए गए। पैकेटों की जांच में 42.019 किलोग्राम संदिग्ध गांजा मिला। इसके बाद तीन यात्रियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
अगरतला से बिहार तक पहुंचाने की थी तैयारी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि संदिग्ध आरोपी मादक पदार्थ को अगरतला से भागलपुर और जमालपुर तक पहुंचाने की तैयारी में थे। हालांकि, रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपीएस की सतर्कता के कारण खेप को उसके गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
जीआरपीएस मालदा टाउन ने मामले में एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 20(बी)(ii)(सी) और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। हिरासत में लिए गए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की जांच के लिए रिमांड की मांग की गई है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पूर्वोत्तर क्षेत्र से बिहार और आसपास के राज्यों की ओर जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में निगरानी और कड़ी की जाएगी। मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने संयुक्त टीम की कार्रवाई और सतर्कता की सराहना की। वहीं, पूर्व रेलवे के आईजी-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिया नंदन सिन्हा ने कहा कि रेल मार्ग से मादक पदार्थों की अवैध ढुलाई रोकने के लिए सभी मंडलों की सुरक्षा टीमें सतर्क हैं। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने कहा कि रेलवे अपने परिवहन गलियारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए प्रतिबद्ध है।



