बेतुल
बैतूल प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद से विद्यार्थियों को दिया गया खेल
फिटनेस और युवा सशक्तिकरण का संदेश "खेलों इंडिया संवाद" से विद्यार्थियों ने जाना खेल का महत्व

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुलताई। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुलताई में 27 अगस्त 2026 को ‘खेलो इंडिया 2026’ के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री जी के वर्चुअल संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (संयुक्त इकाई) एवं माय भारत बैतूल के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलेश सरिया ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, बैतूल से ब्लॉक समन्वयक श्री हेमंत विश्वकर्मा एवं श्रीमती योगिता हारोडे तथा माय भारत से पीयूष तायवाड़े एवं विशाल शितोले उपस्थित रहे। वर्चुअल संवाद के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री जी के खेल, फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली एवं युवा सशक्तिकरण से जुड़े प्रेरक विचारों को सुना। संवाद ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना पुरुष इकाई के प्रभारी प्रो. प्रकाश कुमार गीते एवं महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. बी. आर. बारस्कर ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों एवं स्टाफ को सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से ‘नशा मुक्ति की शपथ’ दिलाई। इस अवसर पर एनएसएस महिला इकाई की प्रभारी डॉ. ममता राजपूत भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रतिभावान खिलाड़ी भारती धोटे एवं प्रतिज्ञा चिकाने सहित अनेक खिलाड़ियों ने सहभागिता की। खिलाड़ियों ने खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने तथा स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावपूर्ण संचालन अभिषेक हुरमाड़े द्वारा किया गया। आयोजन में महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में खेल भावना, फिटनेस, सामाजिक जिम्मेदारी एवं युवा शक्ति के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया।




