गोड्डा

28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन, बाजारों में बढ़ी रौनक

रंग-बिरंगी राखियों से सजी दुकानें, मिठाई-कपड़ा बाजार में भी तेजी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर गोड्डा शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। कारगिल चौक के आसपास दर्जनों अस्थायी राखी की दुकानें सजकर तैयार हो गई हैं, जहां रंग-बिरंगी और आकर्षक डिजाइन की राखियां ग्राहकों को खूब लुभा रही हैं। बाजार में पारंपरिक राखियों के अलावा फोटो राखी, बच्चों के लिए कार्टून वाली राखी और लाइट वाली डिजाइनर राखियां भी उपलब्ध हैं। बहनें अपने भाइयों के लिए पसंदीदा राखियों की खरीदारी में जुट गई हैं। दुकानों में 10 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की विभिन्न प्रकार की राखियां उपलब्ध हैं। शहर के अशोक स्तंभ, कारगिल चौक, हटिया चौक, स्टेशन रोड समेत कई इलाकों में रक्षाबंधन की धूम साफ नजर आने लगी है। रक्षा बंधन के दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी और कलावा बांधती हैं, वहीं भाई जीवन भर उनकी रक्षा करने का वचन देते हैं। मिठाई और कपड़ा बाजार में भी तेजी रक्षाबंधन पर मुंह मीठा कराने की परंपरा को लेकर मिठाई दुकानदार भी पूरी तैयारी में हैं। बाजार में रसगुल्ला, काजू कतली, छेनामुर्की और बेसन के लड्डू की मांग बढ़ रही है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के लिए शुगर-फ्री मिठाइयों और ड्राई फ्रूट्स के विशेष पैक भी उपलब्ध कराए गए हैं। हालांकि, चीनी की बढ़ती कीमतों के कारण मिठाइयों की महंगाई ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है, जिससे कई ग्राहकों को मिठाई खरीदने से पहले थोड़ा सोचना पड़ रहा है। वहीं, कपड़ा और आभूषण बाजार में भी खरीदारी तेज हो गई है। महिलाएं ट्रेडिशनल ड्रेस, सूट, लहंगे और साड़ियों की खरीदारी कर रही हैं। दूसरी ओर, भाइयों द्वारा बहनों को उपहार देने के लिए चांदी और सोने के आभूषणों की मांग भी बढ़ी है। अंगूठी, चेन और चांदी के सिक्के लोगों की खास पसंद बने हुए हैं। रक्षाबंधन को लेकर गोड्डा के बाजारों में लगातार बढ़ती चहल-पहल से साफ है कि इस बार भी भाई-बहन के प्रेम का यह पवित्र पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button