
सद्दाम पहलवान की हत्या के लिए तितरवाड़ा पहुंचे थे तीन शूटर! घेराबंदी में बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, चार बच्चों के पिता तसव्वर की चली गई जान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। तितरवाड़ा गांव में सद्दाम पहलवान को मौत के घाट उतारने पहुंचे बदमाशों की फायरिंग में चार बच्चों के पिता तसव्वर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित गौरव चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। इस मामले में दो आरोपित सोनिज और मुबारिक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
24 अगस्त की देर रात तितरवाड़ा गांव में सद्दाम पुत्र मंजूरा के घर के बाहर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि तीनों बदमाश सद्दाम की हत्या करने के इरादे से पहुंचे थे। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और बदमाशों को घेर लिया।
खुद को चारों तरफ से घिरता देख बदमाशों ने बचने के लिए फिर गोलियां बरसा दीं। इसी फायरिंग में भीड़ के बीच मौजूद तसव्वर पुत्र मीर हसन को गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पूरी वारदात में सबसे बड़ा सवाल यही है कि बदमाश जिस सद्दाम को निशाना बनाकर आए थे, वह तो बच गया, लेकिन बदमाशों की गोलियों ने चार बच्चों के पिता तसव्वर की जिंदगी छीन ली।ग्रामीणों ने मौके पर ही सोनिज और मुबारिक को दबोच लिया था और दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, गौरव चौहान मौके से भागने में सफल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुरानी रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश!
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2021 से सद्दाम और बिलाल उर्फ बिल्लू के बीच रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते सद्दाम को जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई थी। पुलिस जांच में इसी विवाद को तितरवाड़ा में हुई फायरिंग की घटना की पृष्ठभूमि बताया गया है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि दोनों के बीच महिला से जुड़े प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद था और इसी रंजिश में बिलाल उर्फ बिल्लू ने अपने साथियों को सद्दाम की हत्या के लिए भेजा था। हालांकि, इस पहलू की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। कैराना पुलिस ने अब गौरव चौहान को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद होने से पुलिस ने जांच की कड़ी आगे बढ़ा दी है। पुलिस के अनुसार मामले में सोनिज और मुबारिक पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि घटना में शामिल बताए जा रहे बिलाल उर्फ बिल्लू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। तितरवाड़ा की इस वारदात में हत्या की साजिश किसने रची, शूटरों को किसने भेजा और फायरिंग के पीछे पूरी कहानी क्या थी—इन सवालों के जवाब अब बिल्लू की गिरफ्तारी के बाद सामने आने की उम्मीद है।
