सिंगरौली

राष्ट्रीय खेल दिवस पर शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में खेल सप्ताह का समापन

विजेताओं का हुआ सम्मान

मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल भावना का संदेश, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को मोमेंटो देकर किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय रजमिलान में शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 24 से 29 अगस्त 2026 तक आयोजित खेल सप्ताह का समापन हुआ। सप्ताहभर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। महाविद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने महान हॉकी खिलाड़ी को नमन करते हुए उनके जीवन, संघर्ष, उपलब्धियों और भारतीय खेल जगत में दिए गए योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि मेजर ध्यानचंद ने अपनी अद्भुत खेल प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण के दम पर भारत को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया। उनका जीवन युवा पीढ़ी के लिए मेहनत, अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की प्रेरणादायी मिसाल है।
इस दौरान खेलों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही आवश्यक नहीं हैं, बल्कि इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, एकाग्रता, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता और सकारात्मक सोच का भी विकास होता है।खेल सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं को बधाई देते हुए उन्हें भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले महाविद्यालय परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन ‘खेलो और स्वस्थ रहो’ के संदेश को सार्थक करता नजर आया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button