सिंगरौली

महंगाई के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, नमक-मिर्च खिलाकर मनाया रक्षाबंधन

शक्कर के बढ़ते दामों पर जताया विरोध, बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए सरकार पर साधा निशाना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। शक्कर सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ब्लॉक माड़ा द्वारा अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक अध्यक्ष सतीश जायसवाल के नेतृत्व में 27 अगस्त को कुम्हिया चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने नमक और मिर्च खिलाकर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया और बढ़ती महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर महंगाई के मुद्दे को रोचक अंदाज में उठाया। बच्चों ने चीनी, अदरक, चायपत्ती, गन्ना, सेठ और ग्राहक जैसे पात्रों की भूमिका निभाई। नाटक में चीनी के बढ़ते दामों को लेकर व्यंग्य करते हुए संवाद प्रस्तुत किए गए। चीनी का पात्र यह कहते हुए नजर आया कि उसके पति की नौकरी इथेनॉल कंपनी में लग गई है, इसलिए अब वह भाव में आने वाली नहीं है। प्रदर्शन के दौरान इस व्यंग्य के जरिए शक्कर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए गए।
रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों ने भी महंगाई के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। महिलाओं ने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने गैस सिलेंडर और पेट्रोल की बढ़ी कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि लाड़ली बहनों को मिलने वाली आर्थिक सहायता का बड़ा हिस्सा गैस और पेट्रोल के खर्च में चला जाता है। बहनों ने प्रतीकात्मक रूप से नमक-मिर्च खिलाकर राखी बांधी और महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में ब्लॉक महासचिव राजकुमार पाल, आदिवासी ब्लॉक अध्यक्ष अनिल पनिका, मंडलम अध्यक्ष आत्माराम बैस, मंडलम उपाध्यक्ष तुलसीदास जायसवाल, मंडलम महासचिव राम प्रकाश बैस, युवा विधानसभा उपाध्यक्ष गणेश जायसवाल, पंचायत अध्यक्ष संतोष जायसवाल सहित सुनील पनिका, राजेंद्र साकेत, कमलेश शाह, धीरेन्द्र जायसवाल, हरिचंद जायसवाल, शिवराम जायसवाल, पंचायत कमेटी के प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ ग्रामीणजन मौजूद रहे।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खाद्य सामग्री और ईंधन की कीमतों में राहत मिलने तक महंगाई के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर आम जनता को महंगाई से राहत देने की मांग की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button