शामली
सचिव की गैरमौजूदगी से टला बल्लामाजरा सहकारी समिति के सभापति का चुनाव
संचालकों और एडीओ कृषि की मौजूदगी के बावजूद नहीं पहुंचे सचिव, फोन भी रहा बंद; अगली तारीख का इंतजार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना। चौसाना से विभाजन के बाद गठित बल्लामाजरा सहकारी समिति में शनिवार को प्रस्तावित सभापति का चुनाव सचिव की अनुपस्थिति के कारण नहीं हो सका। चुनाव के लिए समिति के पांचों संचालक और एडीओ कृषि मुकेश कुमार मौके पर मौजूद रहे, लेकिन निर्धारित समय तक सचिव विपिन कुमार के नहीं पहुंचने से चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इससे संचालकों में रोष है।
ऊन ब्लॉक क्षेत्र में करीब तीन माह पूर्व झिंझाना, दुल्लाखेड़ी और बल्लामाजरा में नई सहकारी समितियों का गठन किया गया था। इन समितियों की देखरेख की जिम्मेदारी एडीओ कृषि मुकेश कुमार को सौंपी गई थी। बल्लामाजरा समिति के गठन के बाद से सचिव विपिन कुमार और एडीओ कृषि मुकेश कुमार समिति के कार्यों की देखरेख कर रहे थे। समिति में पांच संचालक हैं।
संचालकों की मांग पर सभापति के चुनाव के लिए सचिव विपिन कुमार ने करीब एक सप्ताह पूर्व एजेंडा प्रस्तुत किया था। एजेंडे के अनुसार शनिवार को सभापति का चुनाव होना था। निर्धारित कार्यक्रम के तहत पांचों संचालक और एडीओ कृषि मौके पर पहुंच गए, लेकिन सचिव निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे।
संचालकों का आरोप है कि सचिव से कई बार संपर्क कर मौके पर आने के लिए कहा गया, लेकिन वह नहीं पहुंचे। बाद में उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। काफी समय तक सचिव का इंतजार करने के बाद एडीओ कृषि मुकेश कुमार भी मौके से चले गए। सचिव की अनुपस्थिति के कारण चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
संचालकों ने जल्द नई तारीख निर्धारित कर चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की है। वहीं संचालक एवं सभापति पद के उम्मीदवार किरणपाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सचिव पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।