झुंझुनू
होटल रानी बाग सूरजगढ़ में 1 सितंबर को होगा राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह
गाँधी परिवार ने किया गाँधी जीवन दर्शन पोस्टर का विमोचन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं सूरजगढ़। राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वावधान में बजरंग लाल गाँधी स्मृति दिवस के अवसर पर 1 सितंबर 2026 को होटल रानी बाग, सूरजगढ़ में गाँधी जीवन दर्शन पर आधारित कार्यक्रम ‘गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह’ आयोजित किया जायेगा। समारोह की तैयारियों को लेकर धर्मपाल गाँधी की अध्यक्षता में गाँधी फार्म हाउस सूरजगढ़ में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक के दौरान गाँधी जीवन दर्शन पोस्टर का विमोचन गाँधी परिवार के सदस्यों द्वारा किया गया। संस्थान की ओर से राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह के पोस्टर का विमोचन पूर्व में किया जा चुका है, लेकिन यह समारोह गाँधी जीवन दर्शन को केंद्र में रखकर आयोजित किया जा रहा है। इसी उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने तथा कार्यक्रम के मूल विचार को सामने रखने के लिए गाँधी जीवन दर्शन पोस्टर का विमोचन किया गया। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने बताया कि बजरंग लाल गाँधी स्मृति दिवस पर आयोजित होने वाला यह राष्ट्रीय कार्यक्रम केवल प्रतिभा सम्मान समारोह ही नहीं, बल्कि गाँधी के सत्य, अहिंसा, शांति, सद्भाव, सेवा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज के समय में गाँधी जीवन दर्शन की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ गई है। समाज में शांति, भाईचारा, प्रेम और आपसी सद्भाव स्थापित करने के लिए गाँधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से कवि, लेखक, साहित्यकार, पत्रकार, कलाकार, शिक्षाविद्, कानूनविद्, पर्यावरण प्रेमी, खिलाड़ी एवं सामाजिक कार्यकर्ता भाग लेंगे। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया जायेगा। चयन समिति द्वारा प्रतिभागियों की पांच सूचियां जारी की जा चुकी हैं। बैठक में राजस्थानी युवा गायिका वर्षा भूरिया को गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड 2026 दिए जाने की घोषणा की गई। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता संजय मीणा जाखल, राकेश सोनी पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद गर्वा का नाम भी सम्मान सूची में शामिल किया गया। धर्मपाल गाँधी ने बताया कि समारोह का आयोजन श्री बजरंग लाल गाँधी के सामाजिक सरोकारों, सेवा भावना एवं मानवीय मूल्यों को स्मरण करते हुए किया जा रहा है। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति, शिक्षा, समाजसेवा, पर्यावरण, पत्रकारिता, कला, खेल और अन्य क्षेत्रों में समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों को प्रोत्साहित किया जायेगा। कार्यक्रम प्रभारी मनजीत सिंह तंवर ने बताया कि समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले अतिथियों एवं प्रतिभागियों के स्वागत तथा कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ समारोह को भव्य एवं सफल बनाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर को होटल रानी बाग, सूरजगढ़ में आयोजित होने वाला यह समारोह गाँधी जीवन दर्शन, प्रतिभा सम्मान और सामाजिक सरोकारों का संगम होगा। कार्यक्रम के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ-साथ समाज में सत्य, अहिंसा, शांति, सेवा और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया जायेगा। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने समारोह को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस मौके पर पूर्व पंचायत समिति सदस्य चाँदकौर, मनजीत सिंह तंवर, धर्मपाल गाँधी, सुनील गाँधी, दरिया सिंह डीके, सतीश कुमार, मनजीत बुडानिया, राकेश कुमार, इशांत, हर्षिता, माहिर, हर्ष गाँधी आदि अन्य लोग मौजूद रहे।



