शामली

पति पर मारपीट और उत्पीड़न का आरोप

तीन बच्चों की मां ने थाने में दी तहरीर, जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के गंगेरू मार्ग निवासी महिला ने अपने पति पर मारपीट, उत्पीड़न और दूसरी महिला से संबंध रखने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गंगेरू मार्ग निवासी समरीन पुत्री इरशाद ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व शामली निवासी एक युवक के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के बाद उसके तीन बच्चे हैं। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति के किसी दूसरी महिला से संबंध हो गए।
महिला का कहना है कि जब उसने पति के कथित संबंधों का विरोध करते हुए उसे समझाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट करने के बाद पति ने उसे घर से बाहर निकाल दिया। इतना ही नहीं, मामले को लेकर किसी से शिकायत करने या आवाज उठाने पर उसे तीन तलाक देने की धमकी भी दी गई।
महिला के मुताबिक पति के व्यवहार से वह मानसिक रूप से परेशान है और अपने तीन बच्चों को लेकर भी चिंतित है। पीड़िता अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और पुलिस को लिखित तहरीर देकर पति के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि महिला की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button