शामली
जर्जर 11 हजारी लाइन के फ्यूज से उठी चिंगारी, दस बीघा गन्ना जला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना : टोडा गांव में मंगलवार दोपहर जर्जर 11 हजारी विद्युत लाइन के फ्यूज में चिंगारी उठने से गन्ने के खेत में आग लग गई। आग की चपेट में आकर राकेश पुत्र हुकमसिंह का करीब दस बीघा गन्ना जल गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर विद्युत विभाग के अवर अभियंता आजम अकबर मौके पर पहुंचे और लाइन को ठीक कराया।
राकेश के गन्ने के खेतों के ऊपर से 11 हजारी विद्युत लाइन गुजर रही है। ग्रामीण के अनुसार लाइन काफी समय से जर्जर हालत में है। राकेश का आरोप है कि लाइन की स्थिति को लेकर कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया। मंगलवार दोपहर विद्युत आपूर्ति शुरू होने के बाद पोल पर लगे फ्यूज में अचानक चिंगारी उठी और नीचे गन्ने के खेत में गिर गई। इससे खेत में आग लग गई।
आग लगने की सूचना पर राकेश और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तेज आग के कारण जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते, तब तक करीब दस बीघा गन्ना जल चुका था। घटना के बाद किसानों में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।
अवर अभियंता आजम अकबर ने बताया कि 11 हजारी लाइन के फ्यूज में चिंगारी उठने से गन्ने के खेत में आग लगी थी। लाइन को मौके पर पहुंचकर ठीक करा दिया गया है। गन्ना ज्यादा नहीं जला है।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
भारतीय किसान यूनियन के पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल खाटियान ने भी गन्ने के खेत में पहुंचकर घटना का वीडियो बनाया और उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया। वीडियो में उन्होंने विद्युत विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए जर्जर लाइन की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने अवर अभियंता पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।

