गाजियाबाद
गो सेवा आयोग उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में बैठक
गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : दुर्गावती देवी सभागार में मंगलवार को गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल एवं सदस्य दीपक गोयल की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय गो संरक्षण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में गोवंश संरक्षण, गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं और सहभागिता योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को गो आश्रय स्थलों पर हरा चारा, भूसा, पौष्टिक आहार, स्वच्छ पानी, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश दिए। वर्षभर हरे चारे की उपलब्धता के लिए स्थानीय किसानों से अनुबंध करने तथा पात्र पशुपालकों को सहभागिता योजना के तहत गोवंश सौंपने पर भी जोर दिया गया।
नए गो आश्रय स्थलों के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने, आश्रय स्थलों में हरित वातावरण विकसित करने के लिए पौधरोपण कराने और निराश्रित गोवंश को सड़कों से हटाकर सुरक्षित आश्रय देने के निर्देश दिए गए।
हाईवे पर गोवंश की सुरक्षा पर जोर
एनएचएआई अधिकारियों को प्रमुख मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास घूमने वाले गोवंश की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने तथा उन्हें रेडियम पट्टी पहनाने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना में घायल गोवंश को तत्काल गो आश्रय स्थल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में गोसेवकों की मांग पर जनपद में गो पॉलीक्लीनिक निर्माण के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ गोवंश संरक्षण के वार्षिक लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक से पहले और बाद में आयोग के उपाध्यक्ष एवं सचिव ने जनपद के तीन गो आश्रय स्थलों का निरीक्षण कर चारा, पानी, चिकित्सा, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
