पाकुड़

SIR-2026 के तहत दावा-आपत्ति सुनवाई स्थल का प्रमंडलीय आयुक्त ने किया निरीक्षण

Divisional Commissioner inspects the hearing venue for claims and objections under SIR-2026.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लिट्टीपाड़ा, पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत प्राप्त दावा एवं आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया जिले में जारी है। मतदाताओं को अपने निर्वाचक विवरण से संबंधित दावा या आपत्ति दर्ज कराने तथा उसके निष्पादन में सुविधा देने के उद्देश्य से विभिन्न निर्धारित स्थलों पर सुनवाई की व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में संथाल परगना प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल ने बुधवार को लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के जामजोड़ी पंचायत भवन में संचालित दावा-आपत्ति सुनवाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से दावा-आपत्ति प्राप्त करने, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन और मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता के संबंध में जानकारी ली। आयुक्त ने मौके पर मौजूद मतदाताओं से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं तथा दावा-आपत्ति प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि SIR-2026 का उद्देश्य निर्वाचक सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता निर्वाचक सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहे। उन्होंने मतदाताओं से अपने नाम और निर्वाचक विवरण की जांच करने की अपील की। नाम छूटने, विवरण में त्रुटि अथवा किसी अन्य प्रकार की आपत्ति होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्रता एवं निर्वाचक विवरण के सत्यापन के लिए निर्धारित 11 दस्तावेजों में से किसी एक वैध दस्तावेज को प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी मतदाताओं को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो। प्रमंडलीय आयुक्त ने सुनवाई स्थल पर आने वाले प्रत्येक मतदाता को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्वाचन नियमों के अनुरूप संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से छूटने न पाए। निरीक्षण के अवसर पर आयुक्त के सचिव रवि प्रकाश, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, एईआरओ सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, लिट्टीपाड़ा संजय कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button