
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : विद्यासागर क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण विद्यासागर रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के रेलवे फाटकों पर जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई थी। अत्यधिक पानी भर जाने के कारण पटरियों और फाटक के पास आवागमन बाधित होने का खतरा मंडराने लगा था, जिससे रेल परिचालन पर भी असर पड़ने की आशंका बढ़ गई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे कुर्मी ने तुरंत आपातकालीन कदम उठाए। रेलवे कर्मियों ने दिन-रात एक करते हुए अथक परिश्रम किया। भारी मात्रा में जमे पानी को तेजी से निकालने के लिए मौके पर हाई-पावर वाटर पंप और आधुनिक मशीनें लगाई गईं, जिससे युद्ध स्तर पर जल निकासी का काम पूरा किया जा सके। कर्मचारियों की इस त्वरित कार्रवाई और कड़ी मेहनत के परिणामस्वरूप कुछ ही घंटों में पटरियों पर जमा पानी को पूरी तरह सुखा लिया गया।
इस पूरी घटना की सबसे सकारात्मक बात यह रही कि रेलवे की तत्परता के कारण किसी भी यात्री को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। जलभराव के बावजूद समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे किसी भी ट्रेन के परिचालन को रोकना या रद्द नहीं करना पड़ा। सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय और सुरक्षित तरीके से संचालित होती रहीं। यात्रियों ने भी रेलवे कर्मियों की इस मुस्तैदी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की है, जिनकी सूझबूझ से एक संभावित बड़ी बाधा को आसानी से टाल दिया गया।




