
बोर्ड बैठक में 2026-27 के मूल बजट को मिली सर्वसम्मति से मंजूरी, 37.91 लाख रुपये लाभ का अनुमान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। नगर पालिका परिषद कैराना की बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के मूल बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। बुधवार को पालिका कार्यालय सभागार में हुई बैठक में नगर के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बोर्ड ने निर्माण कार्यों के साथ-साथ सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति जताई।
बुधवार को दोपहर तीन बजे नगर पालिका परिषद कार्यालय के सभागार में बोर्ड बैठक शुरू हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष शमशाद अहमद ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने किया। बैठक में सभासदों के समक्ष वित्तीय वर्ष 2026-27 का मूल बजट रखा गया। चर्चा के बाद बोर्ड ने बजट को सर्वसम्मति से पारित कर दिया। नगर पालिका की ओर से प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 के मूल बजट का कुल आंकड़ा 92,62,91,206 रुपये है। बजट में पालिका की प्रस्तावित आय और व्यय का खाका रखा गया है। इसमें 37,91,206 रुपये लाभ का अनुमान लगाया गया है। बोर्ड ने बजट को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। बैठक में नगर में होने वाले निर्माण कार्यों को लेकर भी चर्चा की गई। पालिका क्षेत्र में आवश्यकतानुसार निर्माण कार्य कराए जाने और नगर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सफाई उपकरण आदि की खरीद से संबंधित प्रस्ताव भी बोर्ड के समक्ष रखे गए। पालिका बोर्ड की बैठक में नगर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। बजट स्वीकृत होने के बाद आगामी वित्तीय वर्ष में पालिका की ओर से प्रस्तावित कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। बोर्ड बैठक में बजट के अलावा पालिका से संबंधित अन्य प्रस्ताव भी रखे गए। सभासदों ने प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया और आवश्यक सहमति दी। बैठक में पालिका के विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मचारी भी मौजूद रहे।
प्रमुख बिंदु
मूल बजट 92 करोड़ 62 लाख 91 हजार 206 रुपये, प्रस्तावित लाभ 37 लाख 91 हजार 206 रुपये, विकास कार्य करीब 32 करोड़ रुपये के प्रस्ताव प्रमुख कार्य निर्माण, सफाई और प्रकाश व्यवस्था।आय-व्यय अप्रैल 2026 से जुलाई 2026 तक के मासिक आय-व्यय का अनुमोदन बजट की स्थिति वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सर्वसम्मति से पारित।

