खैरथल
सीएंडडी (C&D) साइट्स पर ऑनलाइन मॉनिटरिंग डेटा के नियमित प्रसारण हेतु प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, क्षेत्रीय कार्यालय भिवाड़ी द्वारा क्षेत्र में संचालित Construction & Demolition (C&D) Sites पर CAQM, नई दिल्ली द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के प्रभावी अनुपालन तथा PM10, PM2.5 एवं PTZ Camera का डेटा राज्य मंडल के डस्ट पोर्टल पर नियमित एवं निर्बाध रूप से प्रसारित किए जाने के संबंध में 1 से 3 सितंबर तक तीन दिवसीय कार्यशाला-सह-समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 102 C&D Sites पंजीकृत हैं। समीक्षा के दौरान पाया गया कि इनमें से केवल कुछ साइट्स द्वारा ही PM10, PM2.5 एवं PTZ Camera का अपेक्षित डेटा नियमित रूप से पोर्टल पर प्रसारित किया जा रहा है। C&D साइट्स के संचालकों/प्रतिनिधियों में ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं डेटा ट्रांसमिशन के संबंध में जागरूकता बढ़ाने, तकनीकी समस्याओं के समाधान तथा अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से Rockwell Automation के तकनीकी प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें लगभग 70 साइट्स/इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान संबंधित साइट्स को डेटा ट्रांसमिशन, कनेक्टिविटी एवं ऑनलाइन मॉनिटरिंग से संबंधित तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की गई।
कार्यशाला के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया कि तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रयास अवसर प्रदान किए जाने के बावजूद यदि निर्धारित डेटा का नियमित प्रसारण सुनिश्चित नहीं किया जाता है, तो इसे गंभीर अनुपालन उल्लंघन माना जाएगा।
क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सोमवार से डिफॉल्ट C&D साइट्स के विरुद्ध नियमानुसार सख्त प्रवर्तन कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। इसके अंतर्गत साइट/उद्योग बंद करने के निर्देश जारी करने तथा पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित करने की कार्रवाई भी शामिल है।
मंडल द्वारा सभी C&D साइट्स के संचालकों को अंतिम रूप से निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल अपने मॉनिटरिंग उपकरणों, इंटरनेट कनेक्टिविटी एवं डेटा ट्रांसमिशन की स्थिति की जांच कर PM10, PM2.5 एवं PTZ Camera का निर्धारित डेटा डस्ट पोर्टल पर नियमित एवं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। मंडल ने स्पष्ट किया कि पर्यावरणीय अनुपालन एवं ऑनलाइन मॉनिटरिंग संबंधी निर्देशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी तथा डिफॉल्टर साइट्स के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

