डीएमएफटी न्यास परिषद की बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन, 70% राशि उच्च प्राथमिकता/ 30% आधारभूत संरचना पर होगी खर्च
Development plans deliberated at the DMFT Trust Council meeting; 70% of funds to be spent on high-priority areas and 30% on infrastructure.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। समाहरणालय सभागार में गुरुवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) न्यास परिषद की बैठक उपायुक्त सह न्यास परिषद की अध्यक्ष मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई। बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास एवं जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, सौर ऊर्जा और आंगनबाड़ी सुविधाओं को सुदृढ़ करने वाली योजनाओं को प्राथमिकता देने पर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही जेएसएलपीएस की दीदियों एवं उद्यमी दीदियों को सहयोग देने तथा पटसन, कचु, महुआ, चिरौता समेत स्थानीय उत्पादों के व्यवसाय एवं प्रसंस्करण को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर सृजित करने पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में डीएमएफटी कोष की 70 प्रतिशत राशि उच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं पर खर्च की जाएगी। इसमें पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास एवं स्वच्छता प्रमुख हैं। वहीं 30 प्रतिशत राशि सड़क, पुल-पुलिया, सिंचाई समेत अन्य आधारभूत संरचना के विकास पर खर्च होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का चयन जनहित, आवश्यकता और खनन प्रभावित क्षेत्रों की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर किया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।बैठक में राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा, महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, पाकुड़ विधायक निसात आलम सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।



