
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। एसएसपी बरेली अनुराग आर्य के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरेली पुलिस की सर्विलांस और साइबर टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने माह अगस्त 2026 में 85 लाख रुपये कीमत के 458 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गुरुवार 04 सितंबर को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित रविन्द्रालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने बरेली पुलिस का आभार जताया।
यह सफलता अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में थानों पर नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटरों, साइबर टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने CEIR पोर्टल (Central Equipment Identity Register) की मदद से हासिल की।
बरेली पुलिस जनवरी 2025 से अगस्त 2026 तक कुल 6638 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी कीमत लगभग 13.10 करोड़ रुपये है। पुलिस ने अपील की है कि मोबाइल गुम/चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं और http://ceir.gov.in पर फोन ब्लॉक करें।




