‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ के तहत जिला स्तरीय पॉडकास्ट आयोजित
District-level podcast organized under ‘My Words, My Story’

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। बच्चों में पठन की आदत विकसित करने, अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ पठन अभियान के तहत जिला स्तरीय पॉडकास्ट सत्र आयोजित किया गया। इसमें जिले के तीन प्रखंडों के स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी पसंदीदा पुस्तकों और कहानियों के साथ पढ़ने के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि नियमित पुस्तक पठन से उनके ज्ञान, कल्पनाशक्ति, संवाद कौशल और आत्मविश्वास में सकारात्मक बदलाव आया है। पॉडकास्ट के माध्यम से बच्चों को अपनी बात रखने, अनुभव साझा करने तथा प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिला। जिला प्रशासन ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से जिले में पठन संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ बच्चों की अभिव्यक्ति एवं संवाद क्षमता को भी मजबूत किया जा रहा है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एपीओ मनोज, पीरामल फाउंडेशन की मीना ठाकुर, रूम टू रीड के संजीत, एवीए की मणिदीपा साहा एवं बीपीओ किशन भगत का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।



