बालाघाट
बालाघाट विद्यालयों में ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ थीम पर ‘पठन अभियान’ आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट। विद्यार्थियों में पठन-पाठन के प्रति रुचि विकसित करने तथा उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्यालयों में ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ थीम पर ‘पठन अभियान’ आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पुस्तकों का पठन किया और अपनी पसंदीदा कहानियों एवं विचारों को अपने शब्दों में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने, नए शब्दों को सीखने तथा पढ़ी गई सामग्री को अपने अनुभवों से जोड़कर व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षकों ने पठन की उपयोगिता बताते हुए कहा कि नियमित पठन से विद्यार्थियों की भाषा, शब्द-भंडार, कल्पनाशक्ति और आत्मविश्वास का विकास होता है।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने कहानी-पाठ, वाचन एवं अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से सक्रिय भागीदारी की। विद्यालयों में आयोजित इस गतिविधि से विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने के साथ-साथ ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ के माध्यम से अपने विचारों को स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने का अवसर मिला।




