शिक्षक दिनकर चौहान ने बढ़ाया जिले का मान, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर सरकारी विद्यालय की तस्वीर बदलने वाले विकासखंड क्षेत्र के गांव गंगेरू स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर-1 के प्रधानाध्यापक दिनकर चौहान को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शिक्षक दिवस के अवसर पर गोरखपुर में आयोजित समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से उन्हें सम्मानित किया।
प्रदेश स्तर पर सम्मान मिलने से विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। प्रधानाध्यापक दिनकर चौहान ने विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के साथ ही छात्र-छात्राओं के नामांकन पर विशेष ध्यान दिया। उनके प्रयासों से विद्यालय में 117 नए बच्चों का नामांकन हुआ, जो जनपद में रिकॉर्ड उपलब्धि बताई जा रही है।
नामांकन अभियान में बालिकाओं की शिक्षा को भी प्राथमिकता दी गई। विद्यालय में 50 प्रतिशत से अधिक बालिकाओं का नामांकन सुनिश्चित कराया गया। दिनकर चौहान ने अभिभावकों से संपर्क कर सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की जानकारी दी।
विद्यालय में पढ़ाई को रोचक और प्रभावी बनाने के साथ विभिन्न शैक्षिक एवं सहशैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा निखारने पर जोर दिया गया। नियमित उपस्थिति, स्वच्छता, अनुशासन और बेहतर शैक्षिक वातावरण को भी प्राथमिकता दी गई।