सिंगरौली
शिक्षक दिवस पर 65 शिक्षकों का सम्मान, हिंडालको महान ने बढ़ाया शिक्षकों का मान
शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव : हिंडालको महान के अधिकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरगवां। शिक्षक दिवस के अवसर पर हिंडालको महान की ओर से संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल, बरगवां में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बरगवां क्षेत्र के 65 शिक्षकों को श्रीफल, अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षकों के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया।
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में हिंडालको महान के स्मेल्टर हेड एस. शशि कुमार, वित्त प्रमुख रोहित मतेती एवं सी.एस.आर. प्रमुख संजय सिंह उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए एस. शशि कुमार ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते, बल्कि उनके चरित्र, सोच और भविष्य का निर्माण करते हैं। एक शिक्षक का प्रभाव केवल एक विद्यार्थी तक नहीं रहता, बल्कि उसके माध्यम से पूरे समाज पर पड़ता है।
वित्त प्रमुख रोहित मतेती ने कहा कि व्यक्ति जीवन में चाहे कितनी भी ऊंचाई हासिल कर ले, उसकी सफलता के पीछे किसी न किसी शिक्षक की सीख और मार्गदर्शन जरूर होता है। शिक्षक किताबों के ज्ञान के साथ-साथ जीवन में सही निर्णय लेने और आगे बढ़ने की समझ भी देते हैं।
सी.एस.आर. प्रमुख संजय सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की मजबूत नींव है और शिक्षक इस नींव को मजबूती देने वाले प्रमुख स्तंभ हैं। शिक्षकों का सम्मान महज औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के निर्माण में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
इस दौरान तीनों अधिकारियों ने स्वयं को शिक्षक-पुत्र बताते हुए अपनी मां को जीवन का पहला गुरु बताया। उन्होंने कहा कि मां से मिले संस्कार और शिक्षकों से प्राप्त शिक्षा एवं मार्गदर्शन ने उनके जीवन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बरगवां संकुल के प्राचार्य राजेश शुक्ला एवं संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य आर. के. शुक्ला ने शिक्षकों के सम्मान के लिए हिंडालको महान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उद्योग द्वारा शिक्षा और शिक्षकों के सम्मान से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ शिक्षकों का मनोबल भी बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन हिंडालको महान के जनसंपर्क विभाग से बीरेंद्र पाण्डेय ने किया। आयोजन को सफल बनाने में धीरेन्द्र तिवारी, दीपक एवं अरविन्द का विशेष योगदान रहा। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।




