पाकुड़

डीजीपी की मॉनिटरिंग और डीआईजी-आईजी की निगरानी में अमड़ापाड़ा ज्वेलर्स लूटकांड का 10 दिनों में खुलासा, तीन गिरफ्तार

Amrapara jeweller robbery case solved within 10 days under the monitoring of the DGP and supervision of the DIG-IG; three arrested.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के अमड़ापाड़ा बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप किशुन वर्मा ज्वेलर्स में 2 सितंबर को दिनदहाड़े हुई हथियारबंद लूट का पुलिस ने महज 10 दिनों में खुलासा करने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मीडिया को बताया कि 2 सितंबर 2026 को तीन अज्ञात अपराधियों ने किशुन वर्मा ज्वेलर्स में हथियार के बल पर लूटपाट की थी। दुकान मालिक आकाश वर्मा के फर्दबयान / तहरीर के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 68/2026, दिनांक 02.09.2026, धारा 309(4) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी तदाशा मिश्रा की मॉनिटरिंग तथा डीआईजी अम्बर लकड़ा और आईजी पटेल मयूर कन्हैयालाल की देखरेख में एसपी अनुदीप सिंह के नेतृत्व और महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार की अगुवाई में विशेष छापेमारी दल/SIT का गठन किया गया। टीम को छह अलग-अलग समूहों में सक्रिय किया गया। पुलिस ने मानवीय सूचना, वैज्ञानिक साक्ष्य और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव (27), पिता सुरेश मांझी, ग्राम चितरपोका, थाना मोहनपुर, जिला देवघर; हर्ष आनंद उर्फ हर्ष यादव (करीब 19 वर्ष), पिता सुभाष प्रसाद यादव, ग्राम तिवारीचक, थाना बंधुआकुरावा, जिला बांका, बिहार; तथा कमल कुमार किशोर उर्फ कमल यादव (करीब 22 वर्ष), पिता मिहिलाल यादव, ग्राम दलिया बौंसी, थाना बौंसी, जिला बांका, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक ने साझा किया कि पूछताछ में तीनों आरोपियों ने ज्वेलर्स दुकान में हुई लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर लूटे गए सामान और घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इनमें चांदी के हेयर क्लिप, 33 सिक्के, कमरबंद, तीन जोड़ी कड़े सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा जेवर रखने वाली लाल-नीले रंग की पांच ट्रे, किशुन वर्मा ज्वेलर्स नाम अंकित तीन छोटे लाल रंग के थैले, आभूषण नापने की मशीन, छह छोटे-बड़े प्लास्टिक के डिब्बे, जेवर गलाने में इस्तेमाल होने वाले पत्थरनुमा दो टुकड़े और 12,700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा और एक देशी पिस्टल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पिस्टल पर ‘Made in USA No-10’ अंकित है। इसके अलावा 7.65 केएफ के पांच जिंदा कारतूस, .315 एमएम के दो जिंदा कारतूस और पिस्टल का एक खाली मैगजीन भी बरामद किया गया है। घटना में प्रयुक्त बताए जा रहे दो मोटरसाइकिल—काले रंग की Passion Pro (BR04M1556) और काले रंग की Pulsar N160—को भी पुलिस ने जब्त किया है। आरोपियों के पास से GIVA कंपनी का कीपैड मोबाइल, OPPO स्मार्टफोन और MI कंपनी का गोल्डन रंग का स्मार्टफोन भी बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ देवघर, बोकारो, जामताड़ा और गोड्डा जिलों में लूट, डकैती, हथियार समेत अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2020 से 2026 के बीच सारवां, सोनारायठाढ़ी, चितरा, मोहनपुर, पेटरवार, माराफारी, पालाजोरी, जामताड़ा नगर और गोड्डा नगर थानों में उसके खिलाफ कुल 14 मामले दर्ज हैं। इन मामलों में वर्ष 2023 में बोकारो के पेटरवार थाना क्षेत्र में शराब दुकान में लूट, माराफारी थाना क्षेत्र में जुआ अड्डे पर लूट और फायरिंग, वर्ष 2025 में जामताड़ा नगर थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में हथियार के बल पर लूट तथा वर्ष 2026 में गोड्डा नगर थाना क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप में हथियार के बल पर लूट के मामले शामिल बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज लूट और डकैती के मामलों में भी वांछित रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियारों, वाहनों और बरामद सामान के संबंध में आगे की जांच जारी है। विशेष छापेमारी दल/SIT में महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनुप रौशन भेंगरा, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, रद्दीपुर ओपी प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय, सिमलौंग ओपी के दिलीप बास्की और मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता समेत विभिन्न थानों, तकनीकी शाखा, साइबर सेल और मीडिया सेल के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के अनुसार, मानवीय सूचना, वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के समन्वित इस्तेमाल से पुलिस टीम को मामले का त्वरित उद्भेदन करने में सफलता मिली।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button