मथुरा

बरसाना में अग्रसेन जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। बरसाना में महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर रविवार को बरसाना में बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन, मां लक्ष्मी और 18 राजकुमारों की आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। कस्बे के बाजारों और मोहल्लों में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता तरुण कुमार सेठ ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा को रवाना किया। सरस्वती शिशु मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा पुराना अड्डा पहुंची। इसके बाद शोभायात्रा नया बस स्टैंड, बांस मोहल्ला, मुख्य बाजार, टांटिया मोहल्ला और बाग मोहल्ला होते हुए गुजरी। यह वापस सरस्वती शिशु मंदिर पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। अग्र समाज के लोग महाराजा अग्रसेन के जयकारे लगाते हुए साथ चल रहे थे। तरुण सेठ ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलने की जरूरत है। उनके विचार समाज में समानता, सहयोग तथा भाईचारे की प्रेरणा देते हैं। जयंती समारोह के तहत प्रतिभावान युवाओं और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। धार्मिक कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार से शुरू हुए रामायण पाठ का शनिवार को हवन-यज्ञ के साथ समापन हुआ। इस दौरान अग्र समाज के लोगों ने महाराजा अग्रसेन के चित्रपट पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की। अग्रवाल सभा अध्यक्ष मुकेश गोयल सहित अग्र समाज के अनेक लोग इस अवसर पर मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button