
जिला गंगा समिति की एक्सपोजर विजिट में विद्यार्थियों को गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण और उचित निस्तारण की दी जानकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। स्वच्छता ही सेवा विशेष अभियान के अंतर्गत जिला गंगा समिति द्वारा नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में अटल विद्या मंदिर स्कूल के विद्यार्थियों के लिए रामनगर स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर पर एक्सपोजर विजिट आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन, गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण, पुनर्चक्रण तथा कचरे के उचित निस्तारण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दिनेश विश्वकर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। घरों और विद्यालयों में गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखना, कूड़े को निर्धारित स्थान पर डालना तथा प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचना स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने बच्चों से इन आदतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी केतन दुबे ने विद्यार्थियों से स्वयं स्वच्छता के नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है। वहीं, डीपीएम दीपक कुमार ने बच्चों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण, उपयोगी अपशिष्ट के पुनर्चक्रण तथा अनुपयोगी कचरे के सुरक्षित एवं उचित निस्तारण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। एमआरएफ सेंटर के माध्यम से कचरे के प्रबंधन की प्रक्रिया को समझकर विद्यार्थियों ने स्वच्छता के महत्व को जाना। एक्सपोजर विजिट के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। इसके बाद सभी ने स्वच्छता की शपथ लेकर अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान स्कूल प्रबंधक श्रेयांश डयोडिया, समन्वयक आनंद उपाध्याय, हर्षिता श्रीवास्तव, राम शर्मा, सफाई इंस्पेक्टर जितेन्द्र तिवारी, एमआरएफ सुपरवाइजर सुनील दत्त, जोन सुपरवाइजर संजय करोसिया तथा नगर पालिका की आईईसी टीम के सदस्य मौजूद रहे।



