ललितपुर
बिना हेलमेट और सीटबेल्ट वालों को महिला एनसीसी कैडेट्स ने पहनाईं फूलमालाएं
मिशन शक्ति फेज-6 के तहत गांधीवादी तरीके से किया यातायात नियमों के पालन का आग्रह

शहर के चौराहों पर संभाली यातायात व्यवस्था
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने और सड़क सुरक्षा का संदेश देने के लिए मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत मंगलवार को अनूठा जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें महिला एनसीसी कैडेट्स ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर शहर के विभिन्न चौराहों पर यातायात व्यवस्था संभालने में सहयोग किया। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और बिना सीटबेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर गांधीवादी विचारधारा से प्रेरित होकर फूलमालाएं भेंट की गईं और विनम्रतापूर्वक यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सहभागिता बढ़ाने के साथ-साथ आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान महिला एनसीसी कैडेट्स ने यातायात पुलिस बल के साथ मिलकर यातायात के सुचारु संचालन और निगरानी में सहयोग किया। साथ ही उन्होंने वाहन चेकिंग की प्रक्रिया को समझा और सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट और बिना सीटबेल्ट वाहन चलाने वाले चालकों को फूलमालाएं भेंट कर गांधीवादी तरीके से अपनी बात समझाई गई। महिला एनसीसी कैडेट्स ने वाहन चालकों से कहा कि हेलमेट और सीटबेल्ट का इस्तेमाल केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अनमोल जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं में गंभीर चोट और जान जाने का कारण बन सकती है। कैडेट्स ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन अपनी आदत में शामिल करें। ऐसा करके वे न केवल स्वयं की, बल्कि अपने परिवार की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर सकते हैं। अभियान के माध्यम से वाहन चालकों को समझाया गया कि नियमों के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता ही सुरक्षित यातायात की आधारशिला है। इस दौरान जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई मौजूद रहे। अधिकारियों की उपस्थिति में महिला एनसीसी कैडेट्स ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर आमजन को सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश दिया। अभियान में महिलाओं और बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट का प्रयोग करें। यातायात नियमों का पालन करें, तेज गति एवं लापरवाही से बचें और स्वयं के साथ दूसरों की जान की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।



