गोड्डा
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिला उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त ने की मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना की जिला स्तरीय समिति का बैठक किया। बैठक के दौरान 2026-27 वित्तीय वर्ष के अंतर्गत प्रखंडों से चयनित लाभुकों को गाय पालन, बकरी पालन, सूकर पालन, मुर्गी पालन (ब्रायलर एवं लेयर), बत्तख पालन तथा जोड़ा बैल वितरण के तहत अनुदानित दर पर पशुधन उपलब्ध कराने की स्वीकृति प्रदान की गई। उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाना और पशुधन आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है। इन योजनाओं में 90% और 75% अनुदान की दो श्रेणियाँ हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि लाभुकों के चयन और सहायता वितरण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। पशुओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पशुधन ग्रामीण परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। पशुओं को बीमारियों से बचाने, उनकी उत्पादकता बनाए रखने और पशुजनित रोगों की रोकथाम के लिए नियमित टीकाकरण अभियान चलाया जाए। संबंधित अधिकारी इसकी निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करें। साथ ही उन्होंने ठंड के मौसम आने से पूर्व पशुओं के रोगों की सारी दवाइयां स्टॉक रखने का निर्देश दिया। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष, संबंधित विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि, जिला गव्य पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी मौजूद थे।


