सिंगरौली

निगाही दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे एसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

महिलाओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर, पुलिस जवानों को सतर्क रहने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।

 

सिंगरौली। शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. निगाही स्थित मां दुर्गा पूजा पंडाल एवं मेला परिसर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दुर्गा पूजा पंडाल, मेला परिसर और रामलीला आयोजन की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग तथा यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने रामलीला मंचन के दौरान दर्शकों की सुरक्षित बैठक व्यवस्था, मंच के आसपास सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन निकास मार्गों को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और अन्य सुरक्षा संसाधनों को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

एसपी ने महिलाओं, बालिकाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मी सतर्क रहें और किसी भी शिकायत या आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं। महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

आयोजन समिति और श्रद्धालुओं से किया संवाद

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने दुर्गा पूजा आयोजन समिति के पदाधिकारियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पुलिस जवानों का बढ़ाया मनोबल

सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से संवाद करते हुए एसपी ने उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी जवानों को सतर्कता, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, जिले के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों, मेला स्थलों, रामलीला आयोजनों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग एवं सुरक्षा निगरानी की जा रही है। पुलिस ने आमजन से शांति, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार, नवानगर थाना प्रभारी राजेंद्र पाठक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button