सिंगरौली

संविधान गौरव दिवस पर भाजपा की संगोष्ठी, कांग्रेस पर लगाए दोहरे रवैये के आरोप

भाजपा नेताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को किया याद, संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर लिया संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार संविधान गौरव दिवस के अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें भारतीय संविधान के निर्माण, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान और संविधान की मूल भावना पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर संविधान और बाबा साहब के मुद्दे पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए निशाना साधा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने की। मुख्य वक्ता के रूप में देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेमवती खैरवार, जनपद अध्यक्ष प्रणव पाठक एवं नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला देवी मंचासीन रहे।
संविधान लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों का आधार : सुंदरलाल शाह
स्वागत उद्बोधन में जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा संविधान अंगीकृत किए जाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। संविधान निर्माताओं ने व्यापक विचार-विमर्श और दूरदर्शिता के साथ ऐसी व्यवस्था तैयार की, जो प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और न्याय का भरोसा देती है।
उन्होंने कहा कि संविधान गौरव दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों में संवैधानिक जागरूकता बढ़ाना और डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान निर्माण में योगदान देने वाली महान विभूतियों को याद करना है।
इस दौरान शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एक ओर कांग्रेस संविधान बचाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसके शासनकाल में आपातकाल लगाकर लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को प्रभावित किया गया था। उन्होंने राहुल गांधी पर भी संविधान के नाम पर राजनीतिक दिखावा करने का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. अंबेडकर को लोकसभा तक पहुंचने से रोकने का प्रयास किया और उनके जीवनकाल में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया। उन्होंने भाजपा की संगोष्ठी को कांग्रेस के कथित दोहरे राजनीतिक रवैये को जनता के सामने रखने का माध्यम बताया।
बाबा साहब ने संविधान को दिया अंतिम स्वरूप : राजेंद्र मेश्राम
मुख्य वक्ता देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने बाबा साहब को अपेक्षित सम्मान नहीं दिया। मेश्राम ने कहा कि लगभग 2 वर्ष 11 माह के विचार-विमर्श के बाद संविधान तैयार हुआ। प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में डॉ. अंबेडकर ने अपनी विधिक विशेषज्ञता, विद्वता और तार्किक क्षमता से संविधान को अंतिम स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि संविधान के विभिन्न प्रावधानों पर हुई चर्चाओं और उठाई गई आपत्तियों का डॉ. अंबेडकर ने अपने तर्कों के आधार पर जवाब दिया। मेश्राम ने कांग्रेस पर डॉ. अंबेडकर के साथ सरदार वल्लभभाई पटेल को भी उचित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न से सम्मानित किया और उनसे जुड़े पंचतीर्थों का विकास कराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बाबा साहब के विचारों और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि संविधान गौरव दिवस का उद्देश्य बाबा साहब के योगदान और संविधान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है।
उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से उद्देशिका दोहराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली। साथ ही न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को अपने आचरण एवं व्यवहार में अपनाने तथा उन्हें धरातल पर साकार करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन जिला मंत्री आलोक यादव ने किया, जबकि जिला उपाध्यक्ष पूनम गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ संगोष्ठी का समापन हुआ। इस अवसर पर जिला भाजपा के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, एल्डरमैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button