दृष्टिबाधित छात्रा रिदा जेहरा को एसएसपी ने किया सम्मानित
गीता के श्लोकों का सस्वर पाठ कर दिखाई प्रतिभा, मिशन शक्ति-6.0 के तहत मिला प्रशस्ति पत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। मिशन शक्ति-6.0 के तहत ब्रजमोहन स्कूल फॉर द ब्लाइंड की दृष्टिबाधित छात्रा रिदा जेहरा को एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान रिदा ने श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का सस्वर पाठ कर अपनी प्रतिभा और आध्यात्मिक ज्ञान का परिचय दिया।
रिदा की प्रतिभा से उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों ने प्रभावित होकर उनकी सराहना की। यह सम्मान उनके आत्मविश्वास, लगन और ज्ञान के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनकी उपलब्धि ने संदेश दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और उचित प्रोत्साहन से दिव्यांग विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा के बल पर विशिष्ट पहचान बना सकते हैं।
कार्यक्रम में एसपी सिटी विनायक भोसले, एसपी क्राइम अवनीश कुमार, ब्रजमोहन स्कूल फॉर द ब्लाइंड के सचिव ज्ञानेंद्र अग्रवाल, स्वामी सत्यानंद ट्रस्ट फॉर हैंडीकैप्ड इंडिया के सचिव धर्मवीर सक्सेना, प्रधानाचार्य प्रवीण शर्मा और उप प्रधानाचार्या उपासना शर्मा मौजूद रहीं।
रिदा को सम्मानित किए जाने पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मेरठ पुलिस प्रशासन का आभार जताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



