बरेली

निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण-2026 के पश्चात विशेष अभियान के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ डीएम ने करी बैठक

17 एवं 24 अक्टूबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर चलेगा विशेष अभियान

पात्र नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए बीएलओ और बीएलए मिलकर करें कार्य

निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग की करी अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो

बरेली । जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के पश्चात विशेष अभियान के संबंध में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत अवगत कराया गया कि दिनांक 17 अक्टूबर 2026 एवं 24 अक्टूबर 2026 को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करना तथा अधिक से अधिक पात्र नए मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराना है।

जिलाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को सक्रिय करें, ताकि 17 अक्टूबर एवं 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान के दौरान बीएलए अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर पात्र नए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए फॉर्म-6 भरने हेतु जागरूक करें। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित न हो। इसके लिए निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने के साथ ही पात्र नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की। बैठक के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निर्वाचन संबंधी विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर यथोचित कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button