बरेली

जिलाधिकारी ने विकास विभाग की सी0एम0 डैशबोर्ड की करी समीक्षा

सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए अधिकारी नियमित करें मॉनिटरिंग-जिलाधिकारी

निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो

बरेली । जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज विकास विभाग की सी0एम0 डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।

जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग पिछली बार की अपेक्षा खराब होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की प्रगति में तत्काल सुधार लाते हुए जनपद की रैंकिंग बेहतर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए तथा योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने इस योजना में जनपद की रैंकिंग गिरने पर संबंधित अधिकारी को गंभीरतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सामूहिक विवाह की तिथि निर्धारित कराते हुए पात्र जोड़ों का शत-प्रतिशत विवाह सुनिश्चित कराया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरती जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालयों के निर्माण एवं अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए पाया कि अभी भी कई कार्य अधूरे हैं। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं की प्रगति संबंधित निरंतर मॉनिटरिंग करें और कमियों को समय रहते दूर करें, जिससे सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजया चौधरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. विनीता, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button