शामली

वृद्धाश्रम पहुंचकर एसपी ने जाना बुजुर्गों का हाल, कंबल और मिठाई बांटकर जताया अपनापन।

मिशन शक्ति अभियान के तहत बुजुर्गों से किया संवाद, गाड़ीवाला चौक से पुलिस फोर्स के साथ कस्बे में निकले।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 झिंझाना। मेरठ-करनाल हाईवे स्थित आवासीय वृद्धाश्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह पहुंचे। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के तहत वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। बदलते मौसम और सर्दी से बचाव के लिए बुजुर्गों को गर्म कंबल वितरित किए गए। साथ ही मिठाई बांटकर उनके साथ खुशियां साझा कीं। एसपी के इस प्रयास से वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी नजर आई।पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने वृद्धजनों से आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य, रहन-सहन और दैनिक सुविधाओं के बारे में जानकारी लेते हुए उनकी जरूरतों को समझने का प्रयास किया। उन्होंने बुजुर्गों के साथ समय बिताया और भरोसा दिलाया कि पुलिस महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सहायता के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज में बुजुर्गों का सम्मान और उनकी देखभाल करना सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे प्रयासों से बुजुर्गों को भावनात्मक संबल मिलता है और उनमें अपनेपन का एहसास बढ़ता है।
बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता जरूरी : एसपी
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बुजुर्गों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली जा रही है और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का कुशलक्षेम जाना गया तथा सर्दी से बचाव के लिए गर्म कंबल और मिठाई वितरित की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद और कमजोर वर्गों के साथ खड़े होकर उन्हें सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिलाना भी है। बुजुर्गों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखना सामाजिक जिम्मेदारी है।
गाड़ीवाला चौक से कस्बे में किया पैदल गश्त
वृद्धाश्रम में कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ कस्बे के गाड़ीवाला चौक से पैदल गश्त शुरू की। इस दौरान उन्होंने कस्बे के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्र का भ्रमण किया। पुलिस की मौजूदगी के बीच गश्त कर  सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पैदल गश्त का उद्देश्य कस्बे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना रहा। एसपी ने पुलिसकर्मियों के साथ कस्बे की स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिस की सक्रियता का संदेश दिया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, सीओ कैराना हेमंत कुमार, थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना, महिला सेल प्रभारी सीमा शर्मा, मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, वृद्धाश्रम अधीक्षिका डोली बघेल, लेखाकार जय प्रकाश सहित वृद्धाश्रम का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button