सुंदर दीप वर्ल्ड स्कूल में “मिशन शक्ति” कार्यक्रम का भव्य आयोजन संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गाजियाबाद : सुंदर दीप वर्ल्ड स्कूल द्वारा आज, “मिशन शक्ति” (सशक्त • उन्नत • विकसित) कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत उत्साह और सफलता के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नारी सशक्तिकरण, सुरक्षा और विद्यार्थियों में जागरूकता उत्पन्न करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केशव कुमार चौधरी अपर पुलिस आयुक्त – मुख्यालय एवं अपराध, गाजियाबाद ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रियश्री पाल सहायक पुलिस आयुक्त, वेव सिटी, गाजियाबाद उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय की प्रधानाचार्या गुंजिता कुमार ने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया और महिला सशक्तिकरण के विषय में अपने महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय एवं विद्यालय के प्रमुख गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें एसडीजीआई ग्लोबल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति (चांसलर) महेंद्रअग्रवाल ,प्रो चांसलर-एडमिन पीयूष श्रीवास्तव, वाइस चांसलर प्रोफेसर डॉo प्रसनजीत कुमार, सुंदर दीप वर्ल्ड स्कूल की चेयरपर्सन शैली अग्रवाल, डायरेक्टर-एडमिशन अखिलेश वर्मा और स्कूल की हेड मिस्ट्रेस कृतिका गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।
संबोधन के क्रम में विशिष्ट अतिथि प्रियश्री पाल ने महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात मुख्य अतिथि केशव कुमार चौधरी ने पुलिस प्रशासन द्वारा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं, हेल्पलाइन नंबरों और आपातकालीन सहायता प्रणाली के बारे में विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए एक प्रभावशाली नृत्य, संगीत तथा नाट्य प्रस्तुति दी, जिसकी सभी अतिथियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में हेड मिस्ट्रेस कृतिका गुप्ता ने सभी मुख्य अतिथियों, शिक्षकों एवं आगंतुकों का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया और सफल आयोजन के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।


