
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक एवं महिला मिशन शक्ति प्रभारी सोनिका व उनकी पूरी मिशन शक्ति टीम के कुशल नेतृत्व व प्रयासों से थाना हापुड़ देहात में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के तहत जिन पति-पत्नी के बीच पूर्व में पारिवारिक विवाद या मनमुटाव चल रहा था, उन्हें मिशन शक्ति टीम द्वारा समय-समय पर काउंसलिंग देकर आपसी मतभेद दूर करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम की समझाइश और सकारात्मक पहल के परिणामस्वरूप जोड़ों ने अपने पुराने विवादों को भुलाकर फिर से एक साथ खुशी-खुशी जीवन बिताने का संकल्प लिया। ऐसे सभी पुनर्मिलन कराने वाले दंपतियों को थाना हापुड़ देहात परिसर में आमंत्रित कर सम्मानित किया गया । हापुड़ देहात थाना प्रभारी पारस मलिक , महिला मिशन शक्ति प्रभारी सोनिका एवं मिशन शक्ति टीम द्वारा इन सभी जोड़ों को मिष्ठान (मिठाई) खिलाकर एवं उपहार/सम्मान देकर बधाई दी गई।
थाना प्रभारी पारस मलिक एवं महिला प्रभारी सोनिका ने सभी दंपतियों को आपसी तालमेल, विश्वास और प्रेम के साथ रहने की शुभकामनाएं दीं। मिशन शक्ति टीम की इस सराहनीय पहल से समाज में यह सकारात्मक संदेश गया कि संवाद और समझदारी के माध्यम से हर पारिवारिक विवाद का समाधान संभव है।



